
अलौली के वरिष्ठ समाजसेवी प्रभु नारायण सिंह पंचतत्व में विलीन…नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई….पिताजी हमारे जीवन के आधार थे : अनुराधा कुमारी कुशवाहा
अलौली के वरिष्ठ समाजसेवी प्रभु नारायण सिंह पंचतत्व में विलीन…नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई….पिताजी हमारे जीवन के आधार थे : अनुराधा कुमारी कुशवाहा
खगड़िया/अलौली कौशी एक्सप्रेस/अलौली निवासी एवं वरिष्ठ समाजसेवी प्रभु नारायण सिंह का आज शनिवार को सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों एवं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। निधन के उपरांत आज ही पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

प्रभु नारायण सिंह बिहार सरकार की पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा एवं जनता दल यूनाइटेड की जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा के पिता थे। वे अपने सामाजिक कार्यों, सादगीपूर्ण जीवन और जनसेवा के लिए क्षेत्र में सम्मानित स्थान रखते थे। इस मौके पर उनके दामाद विजय कुमार सिंह, नाती हर्षवर्धन कुशवाहा सहित पोता आशीष कुमार, विकास कुमार एवं उगंत कुमार , नीरज कुमार ,पंकज कुमार ,राम तनिक मंडल , विंदेश्वरी महतो ,सुरेंद्र कुमार भंटू, नवीन कुमार, शंकर कुमार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय सामाजिक, राजनीतिक और गणमान्य लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने भावुक होकर कहा कि पिताजी हमारे परिवार की शक्ति, संस्कार और मार्गदर्शन के आधार थे। उन्होंने हमें ईमानदारी, संघर्ष और समाज सेवा का पाठ पढ़ाया। उनका स्नेह, आशीर्वाद और जीवन मूल्य हमेशा हमारे साथ रहेंगे। उनके जाने से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें।
अंतिम यात्रा के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा, पूर्व मंत्री रेणु कुमारी कुशवाहा एवं दामाद विजय कुमार सिंह ने स्वर्गीय प्रभु नारायण सिंह की अर्थी को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान परिवार के सदस्य एवं उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी। मालूम हो कि अंतिम संस्कार के दौरान उनके पुत्र अनिल कुमार सिंह ने मुखाग्नि दी। उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रभु नारायण सिंह का जीवन समाज सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके निधन से क्षेत्र ने एक सम्मानित समाजसेवी एवं अभिभावक को खो दिया है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल दें।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




