संदीप मेमोरियल स्कूल में “उड़ान 2026” की गूंज: रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा भव्य वार्षिकोत्सव…प्रतिभा की दिखी शानदार उड़ान

संदीप मेमोरियल स्कूल में “उड़ान 2026” की गूंज: रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा भव्य वार्षिकोत्सव…प्रतिभा की दिखी शानदार उड़ान

खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस/ जिले के हरिपुर (अलौली) स्थित लब्ध-प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान संदीप मेमोरियल स्कूल में शनिवार देर शाम “उड़ान 2026” के तहत दूसरा वार्षिक उत्सव अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रोशनी और साज-सज्जा से जगमगा उठा, जहां छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने अभिभावकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें प्रमुख नवीन कुमार, पूर्व प्रमुख संजीव कुमार, पूर्व बीडीओ प्रेम कुमार (वर्तमान पटना), वर्तमान बीडीओ राजीव कुमार, सांसद प्रतिनिधि गजाधर यादव, विद्यालय की चेयरमैन अनिता कुमारी, निदेशक डॉ. सौरभ सुमन, प्रबंध निदेशक अमित कुमार एवं प्राचार्य कृष्ण मोहन झा शामिल रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि अलौली विधायक रामचंद्र सदा, डॉ. विक्रम कुमार एवं डॉ. मीनू सिंह रहे। अपने विस्तृत और प्रभावशाली संबोधन में विधायक रामचंद्र सदा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी का समावेश भी आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में बच्चों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और जीवन कौशल से लैस करना समय की मांग है। इस दिशा में संदीप मेमोरियल स्कूल का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं और उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में शिक्षा के विकास हेतु हर संभव सहयोग दिया जाएगा। विद्यालय की चेयरमैन अनिता कुमारी ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि इस स्कूल की स्थापना उनके पति स्व. संदीप कुमार का सपना था। उनका उद्देश्य अपने गृह क्षेत्र में बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था करना था। उन्होंने बताया कि सभी के सहयोग से पिछले वर्ष संदीप मेमोरियल स्कूल की स्थापना की गई, जो आज क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय निदेशक डॉ. सौरभ सुमन एवं प्रबंध निदेशक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच से परिपूर्ण बनाना है, ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सकें।
इस अवसर पर डॉ. विक्रम कुमार एवं डॉ. मीनू सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि बच्चों को सही मार्गदर्शन और संस्कार देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिससे वे एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाटक एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विशेष रूप से मोबाइल के दुरुपयोग पर आधारित नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावुक और जागरूक दोनों किया तथा खूब सराहना बटोरी। हर प्रस्तुति में बच्चों का आत्मविश्वास और प्रतिभा स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
प्राचार्य कृष्ण मोहन झा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एकेडमिक कोऑर्डिनेटर विक्रम कुमार केसरी के नेतृत्व में शिक्षक सम्राट चक्रवर्ती, दीप्ति नेवाल, निगम कुमार, मानसा धारा, मो. अमजद, रितेश कुमार, रंधीर कुमार, प्रियंका कुमारी, दीपक कुमार, कुंदन कुमार, मो. विसाद, अनन्या चटर्जी, अर्पिता चक्रवर्ती, श्वेता मिश्रा, खुशी, प्रिया, पूनम, प्रतिमा, आशुतोष सहनी, ए.टी. बनर्जी, सौहार्द्र उपाध्याय द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक शिक्षक श्याम सुंदर पाठक एवं डांस शिक्षक युवराज की भी अहम भूमिका रही।
विद्यालय के नामांकन कार्य में धनंजय कुमार एवं क्लर्क रजनीश कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा।
मालूम हो कि संदीप मेमोरियल स्कूल को हाल ही में Central Board of Secondary Education (CBSE) से आधिकारिक मान्यता प्राप्त हुई है। वर्ष 2024 में स्थापित यह विद्यालय अब नर्सरी से लेकर 10वीं कक्षा तक CBSE पाठ्यक्रम के तहत शिक्षा प्रदान कर रहा है तथा इसे सेकेंडरी स्तर तक की मान्यता प्राप्त है। विद्यालय का संचालन K.P.S. Memorial Foundation द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
“उड़ान 2026” न केवल एक वार्षिक उत्सव रहा, बल्कि यह बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ते कदमों का प्रेरणादायक उत्सबनकर सभी के दिलों में अपनी छाप छोड़ गया।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक

 

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close