
खगड़िया में टॉपर्स का सम्मान : डीएम-एसपी के हाथों सम्मानित होकर खिल उठे मेधावी छात्र… आंखों में दिखे सपनों के रंग..
खगड़िया में टॉपर्स का सम्मान : डीएम-एसपी के हाथों सम्मानित होकर खिल उठे मेधावी छात्र… आंखों में दिखे सपनों के रंग..
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस / जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने 10वीं एवं 12वीं कक्षा में जिला स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले कुल 74 विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में 10वीं कक्षा के टॉप-10 विद्यार्थियों के साथ-साथ 12वीं की तीनों धाराओं (विज्ञान, वाणिज्य एवं कला) के टॉप-10 विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान न केवल विद्यार्थियों, बल्कि उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि सफलता में परिवार और गुरुजनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
समारोह में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती, एएसपी साक्षी कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र गोंड सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर प्लेटफॉर्म, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे शिक्षा को निरंतर जारी रखें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन सदैव उनके साथ खड़ा है।
वहीं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “Consistency is the key… यह सफर यहीं खत्म नहीं होता, अपने लक्ष्य तक पहुँचने के लिए लगातार मेहनत करते रहें।”
उप विकास आयुक्त श्वेता भारती ने छात्रों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जबकि एएसपी साक्षी कुमारी ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी आश्वासन दिया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग, उचित मार्गदर्शन एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह सम्मान समारोह खगड़िया जिला प्रशासन की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, समान अवसर और प्रतिभा के सम्मान का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




