
खगड़िया: जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा का बड़ा ऐलान: जल्द गठित होगी जदयू जिला कार्यकारिणी…बोलीं— संगठन की मजबूती हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता…
खगड़िया: जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा का बड़ा ऐलान: जल्द गठित होगी जदयू जिला कार्यकारिणी…बोलीं— संगठन की मजबूती हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जनता दल (यूनाइटेड) के संगठनात्मक विस्तार एवं सशक्तिकरण को लेकर मंगलवार को कचहरी रोड स्थित जदयू जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा की अध्यक्षता में प्रखंड अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त एवं सक्रिय संगठन होता है। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) को अधिक अनुशासित, गतिशील एवं जनोन्मुखी स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर संगठनात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शीघ्र ही जदयू की जिला कार्यकारिणी कमिटी का गठन कर उसकी सार्वजनिक घोषणा की जाएगी।
जिला अध्यक्ष ने सभी प्रखंड अध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने तथा पंचायत स्तरीय कमिटियों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में सदर प्रखंड अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह, मानसी प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह, बेलदौर प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह कुशवाहा, परबत्ता प्रखंड अध्यक्ष सुबोध साह एवं अलौली प्रखंड अध्यक्ष रूपेश कुमार उर्फ सहेन्द्र सिंह ने अपने-अपने प्रखंडों की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी तथा पंचायत स्तर तक संगठन के विस्तार एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कमल कुमार पटेल, राजवर्धन कुशवाहा तथा जदयू नेत्री पूनम जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





