
रहीमपुर में गूंजा क्रिकेट का जुनून: निर्मल उर्फ टोनी मेमोरियल टूर्नामेंट का भव्य समापन, आजाद युवा क्लब बना चैंपियन…जदयू प्रदेश नेता प्रभाकर चौधरी मन्टून ने विजेता-उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित… खेल को बताया युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सशक्त माध्यम..
रहीमपुर में गूंजा क्रिकेट का जुनून: निर्मल उर्फ टोनी मेमोरियल टूर्नामेंट का भव्य समापन, आजाद युवा क्लब बना चैंपियन…
जदयू प्रदेश नेता प्रभाकर चौधरी मन्टून ने विजेता-उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित… खेल को बताया युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सशक्त माध्यम..
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ मुख्यालय से सटे रहीमपुर स्थित बाबा अवध बिहारी खेल मैदान में आयोजित निर्मल उर्फ टोनी मेमोरियल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। विगत 20 जुलाई से प्रारंभ हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खगड़िया सहित विभिन्न जिलों की कुल 16 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आजाद युवा क्लब फिजिकल एकेडमी रहीमपुर एवं युथ क्लब रहीमपुर के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों को अंत तक रोमांचित किए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए युथ क्लब रहीमपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में एडी आदर्श की 44 गेंदों पर शानदार 92 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत प्रतिस्पर्धात्मक लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में आजाद युवा क्लब फिजिकल एकेडमी रहीमपुर ने गोलू जीडी के शानदार अर्धशतक की बदौलत चार विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रभाकर चौधरी मन्टून तथा जिला क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान प्रेम कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रभाकर चौधरी मन्टून ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार के बेहतर अवसरों का सशक्त आधार बन चुका है। केंद्र एवं बिहार सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं सरकारी नौकरियों में आरक्षण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर अपने जिले, राज्य और देश का नाम गौरवान्वित कर सकते हैं।
टूर्नामेंट के सफल संचालन में मयंक कुमार एवं सोनू ने अंपायर की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि अंशु कुमार कश्यप एवं पियुष कश्यप ने उद्घोषक के रूप में पूरे आयोजन को आकर्षक एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया, जिसकी खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
आयोजन को सफल बनाने में राजा कुमार, रोहित कुमार, छोटू, राहुल, आयुष, नितिन, मोनू, सोनू, अंकित, सुमित, पियुष कश्यप, अंशु, शिवम एवं अभिनव सहित सभी खिलाड़ियों एवं आयोजकों की सराहनीय एवं महती भूमिका रही।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





