
अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में बड़ा निर्णय: बायपास रोड को मिला “रामविलास पासवान मार्ग” नाम…विकास योजनाओं पर मुहर…
अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में बड़ा निर्णय: बायपास रोड को मिला “रामविलास पासवान मार्ग” नाम…विकास योजनाओं पर मुहर…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में नगर सभापति अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, सड़क एवं नाला निर्माण, सौंदर्यीकरण, राजस्व वृद्धि तथा जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को नगर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण और परिणाममुखी माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई ऐसे प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई जो आने वाले समय में खगड़िया नगर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बायपास रोड का नामकरण “रामविलास पासवान मार्ग” किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलना रहा। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान केवल एक राजनेता नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, गरीबों, दलितों, पिछड़ों एवं वंचित वर्गों की आवाज थे। उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और आज भी करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। उनके सम्मान में खगड़िया नगर की महत्वपूर्ण सड़क का नामकरण किया जाना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
बैठक में नगर क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर 110 हाई मास्ट लाइट लगाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। नगर परिषद का मानना है कि इससे नगर की प्रकाश व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार होगा। रात्रि में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी तथा नगर का सौंदर्य भी बढ़ेगा। नगर सभापति ने कहा कि खगड़िया को आधुनिक एवं सुविधायुक्त नगर बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
इसके अलावा नगर क्षेत्र के सभी मकानों का सर्वेक्षण कर होल्डिंग संख्या निर्धारित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसे नगर परिषद की आय बढ़ाने तथा विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। राजस्व व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में शहर की खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं नई स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। साथ ही नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा की गई।
नगरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। कई वार्डों में नई योजनाओं की स्वीकृति, लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा जर्जर सड़कों की मरम्मत पर भी चर्चा हुई। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
नगर परिषद क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने हेतु प्रभावी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने, सफाई कर्मियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक में नगर क्षेत्र को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का संकल्प दोहराया गया।
संविदा कर्मियों के मानदेय वृद्धि, नगर परिषद कार्यालय के जीर्णोद्धार, श्मशान घाटों पर सुविधाओं के विस्तार, शहर के सौंदर्यीकरण, पौधारोपण, विभिन्न वार्डों में साइन बोर्ड लगाने, सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने तथा HDD तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया तथा उनके त्वरित समाधान की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने सड़क, नाला, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, जलनिकासी एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित सुझाव दिए, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक में नगर सभापति अर्चना कुमारी, उपसभापति शबनम जबीन, नगर प्रबंधक मुकेश रंजन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य शिवराज यादव, जवाहर लाल यादव, बबलू कुमार, शोभा देवी एवं रूबी देवी सहित वार्ड पार्षद अमित कुमार सिन्हा, रंजीत कुमार, प्रणव कुमार, पप्पू यादव, शाहिद आलम, रवींद्र कुमार दास, जितेंद्र पासवान, गुलशन कुमार, श्रवण कुमार, सचिन कुमार, सुनीता कुमारी, शकुंतला देवी, शोभा देवी, जूली देवी, नीतू कुमारी, लूसी खातून, कविता देवी, अमृता देवी, सरिता देवी, संगीता देवी, ऊषा देवी, निर्मला देवी, सीमा सिन्हा एवं सुजाता देवी पासवान मौजूद रहे।
बैठक के अंत में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद खगड़िया जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी स्वीकृत योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा तथा नगर के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खगड़िया नगर में कई ऐतिहासिक विकास कार्य दिखाई देंगे, जिससे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खगड़िया एक आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित नगर के रूप में स्थापित होगा।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




