
पढ़तै खगड़िया’ से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर…शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की पहल की समीक्षा… डीएम विक्रम विरकर ने गिनाईं जिले की शैक्षणिक उपलब्धियां
पढ़तै खगड़िया’ से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर…शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की पहल की समीक्षा… डीएम विक्रम विरकर ने गिनाईं जिले की शैक्षणिक उपलब्धियां…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ आज गुरुवार 05 नवंबर को बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खगड़िया में शिक्षा व्यवस्था बेहतर है और इसे और बेहतर बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने मंत्री को जिले की महत्वाकांक्षी ‘पढ़तै खगड़िया’ पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए डिजिटल लर्निंग, पढ़ाई मित्र और विभिन्न नवाचारी शिक्षण माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि फिल्म और कहानियों के माध्यम से बच्चों को रोचक तरीके से नई चीजें सिखाई जा रही हैं। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के जरिए सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा रहा है। शिक्षकों की शिक्षण क्षमता में वृद्धि के लिए ‘डिजिटल टीचर्स’ के माध्यम से भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर और बेहतर हो सके।
जिलाधिकारी ने मेधावी विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर संचालित प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले की क्षमता रखने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को चिह्नित करने की पहल की जा रही है, ताकि चयनित विद्यार्थियों की पढ़ाई का खर्च बिहार सरकार द्वारा वहन किया जा सके। इससे गरीब, मजदूर एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को भी उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए विद्यालय भवनों की आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कराने की बात कही, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
मंत्री ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी विक्रम विरकर सहित शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




