
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की आशंका… खगड़िया में प्रशासन अलर्ट… तटबंधों की निगरानी तेज, SDRF को क्विक रिस्पॉन्स के लिए तैयार रहने का निर्देश…
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की आशंका… खगड़िया में प्रशासन अलर्ट…
तटबंधों की निगरानी तेज, SDRF को क्विक रिस्पॉन्स के लिए तैयार रहने का निर्देश…
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की संभावित स्थिति तथा गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए खगड़िया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी विक्रम विरकर की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर संभावित बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपातकालीन स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने तथा आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी पदाधिकारियों के पूर्व स्वीकृत एवं स्वीकृति के लिए लंबित अवकाश को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखते हुए मुख्यालय में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश
सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आम लोगों को संभावित जलस्तर वृद्धि के प्रति सतर्क करने का निर्देश दिया गया। नदी एवं तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाढ़ शरण स्थलों पर रहेंगी जरूरी सुविधाएं
जिले में चिन्हित बाढ़ शरण स्थलों की तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया है। शरण स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश, भोजन, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
SDRF तैयार, तटबंधों की लगातार निगरानी
आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम को Quick Response के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं FCD-1 एवं FCD-2 के कार्यपालक अभियंताओं को तटबंधों की सतत निगरानी करने तथा तटबंध चौकीदारों से लगातार फीडबैक लेकर जिला प्रशासन को जानकारी देने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि संभावित जलवृद्धि को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी, तटबंध एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जाने से परहेज करें। प्रशासन ने अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा केवल अधिकृत सरकारी माध्यमों से प्राप्त प्रमाणिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित
आमजनों की सहायता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित समन्वय के लिए जिला, अनुमंडल एवं सभी अंचल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।
📞 जिला नियंत्रण कक्ष : 06244-222384
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि संभावित बाढ़ की स्थिति में आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रखते हुए सतत निगरानी, बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




