
खगड़िया में पल्स पोलियो अभियान का आगाज…डीएम विक्रम विरकर ने बच्चों को पिलाई दो बूंद… 3.47 लाख बच्चों को टीका पिलाने का लक्ष्य
खगड़िया में पल्स पोलियो अभियान का आगाज…
डीएम विक्रम विरकर ने बच्चों को पिलाई दो बूंद…
3.47 लाख बच्चों को टीका पिलाने का लक्ष्य
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर अस्पताल परिसर स्थित नीति आयोग के सहयोग से विकसित मॉडल टीकाकरण केंद्र में जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रेया श्री, सिविल सर्जन , जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्वास्थ्य) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अभियान के दौरान पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी इस अभियान में दो बूंद पिलाना जरूरी है।
3,47,327 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 22 से 26 नवंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत जिले के कुल 3,47,327 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिले के 3,34,815 घरों तक पहुंचेंगी, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे को अभियान का लाभ मिल सके।
752 घर-घर टीकाकरण दल सहित विशेष टीमों की तैनाती
अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 752 घर-घर टीकाकरण दल, 230 ट्रांजिट दल, 41 मोबाइल दल तथा 317 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के दौरान 22 से 26 नवंबर तक ए-टीम सक्रिय रहेगी, जबकि 28 नवंबर को बी-टीम के माध्यम से छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिलेवासियों से घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग देने की अपील की।
नीति आयोग के सहयोग से विकसित मॉडल टीकाकरण केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं की बनी मिसाल
पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के दौरान सदर अस्पताल परिसर स्थित मॉडल टीकाकरण केंद्र भी चर्चा में रहा। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग के सहयोग से वर्ष 2022-23 में इस केंद्र का विकास किया गया था। इसके अतिरिक्त रानीसकरपुरा में भी मॉडल टीकाकरण केंद्र स्थापित किया गया है। इन केंद्रों का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बाल-अनुकूल वातावरण में टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
केंद्र में बच्चों की रुचि और सहजता को ध्यान में रखते हुए आकर्षक चित्रकारी, बीएएलए (बिल्डिंग एज लर्निंग एड) पेंटिंग, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सकारात्मक वातावरण तैयार किया गया है। पहले सदर अस्पताल में सीमित स्थान पर टीकाकरण होने से भीड़भाड़ और प्रतीक्षा के दौरान असुविधा होती थी। इसे देखते हुए पृथक एवं समर्पित मॉडल टीकाकरण केंद्र विकसित किया गया।
इस व्यवस्था से बच्चों के भय और असहजता को कम करने के साथ अभिभावकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। सदर अस्पताल स्थित मॉडल टीकाकरण केंद्र में प्रतिदिन औसतन लगभग 50 बच्चों का नियमित टीकाकरण किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की यह पहल मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा नियमित टीकाकरण की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पल्स पोलियो अभियान में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को दो बूंद अवश्य पिलाएं और निर्धारित समय पर नियमित टीकाकरण भी सुनिश्चित करें।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




