
बाल विवाह के खिलाफ विधायक बबलू मंडल ने जलाए कैंडल….2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का लिया संकल्प…बोले बबलू मंडल– बाल विवाह सामाजिक कुप्रथा ही नहीं, कानूनन अपराध भी है…
बाल विवाह के खिलाफ विधायक बबलू मंडल ने जलाए कैंडल….2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का लिया संकल्प…बोले बबलू मंडल– बाल विवाह सामाजिक कुप्रथा ही नहीं, कानूनन अपराध भी है…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने तथा बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से शनिवार को शहर स्थित विधायक आवासीय परिसर में तात्वसी समाज न्यास, खगड़िया की ओर से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खगड़िया सदर विधायक सह जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बाल विवाह महज सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत विवाह के लिए लड़कियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से पहले विवाह कराना या इसमें सहयोग करना कानूनी कार्रवाई का आधार बन सकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए प्रभावी पहल की। महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा और सामाजिक सुधार के प्रति उनकी सोच प्रेरणादायी रही है। इन सामाजिक सुधारों को धरातल पर उतारना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने अभिभावकों, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अपील की कि बच्चों का विवाह निर्धारित उम्र में ही करें तथा उन्हें उच्च शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के पर्याप्त अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बाधक है।
कार्यक्रम के दौरान तात्वसी समाज न्यास, खगड़िया (जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन, नई दिल्ली) की ओर से जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए 100 दिवसीय विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा बच्चों के शिक्षा एवं संरक्षण के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मौके पर दलित युवा संग्राम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, बेलदौर जदयू प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह कुशवाहा, न्यास के कार्यकर्ता राम कुमार, रंजीत कुमार रंजन, ममता कुमारी, सुधांशु चौधरी, नरेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक बबलू कुमार मंडल के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे। बच्चों को बाल विवाह नहीं, बल्कि शिक्षा, सुरक्षा और सुनहरा भविष्य देंगे। साथ ही आम नागरिकों से बाल विवाह की सूचना प्रशासन को देने तथा इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की गई।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




