
खगड़िया: छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त…गोगरी के विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण… खतरनाक घाट होंगे प्रतिबंधित
खगड़िया: छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त…गोगरी के विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण… खतरनाक घाट होंगे प्रतिबंधित
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने गोगरी अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का सख्त निर्देश दिया।
मालूम हो कि डीएम ने काली पूजा स्थान, छोटी काली मंदिर ब्राह्मण टोला गोगरी, कामस्थान छठ घाट, जीएन बांध के किनारे स्थित रामपुर सीढ़ी घाट तथा गौछारी कटिंग छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था एवं पहुंच पथ की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। विशेष रूप से जलस्तर एवं पानी की गहराई को देखते हुए लाल कपड़े से चिह्नित बैरिकेडिंग लगाने को कहा, ताकि श्रद्धालु और बच्चे निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे पानी में नहीं जा सकें। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल रूम तथा महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी घाटों पर नाव, नाविक एवं गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड की मरम्मत एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि दंड प्रणाम करते हुए घाट पहुंचने वाले छठ व्रतियों की सुविधा के लिए रास्ते को पूरी तरह कंकड़-पत्थर से मुक्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने खतरनाक एवं अत्यधिक गहरे घाटों को चिह्नित कर प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया। ऐसे घाटों पर आम लोगों के प्रवेश एवं स्नान पर रोक लगाने के लिए बैरिकेडिंग के साथ पोस्टर-बैनर लगाने तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को पहले से सतर्क किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, निरीक्षण के क्रम में डीएम ने गोगरी नगर परिषद अंतर्गत रजिस्ट्री चौक स्थित पुराने निबंधन कार्यालय के जर्जर भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर कार्यपालक पदाधिकारी को भवन को अतिक्रमणमुक्त कराकर बुडको के माध्यम से नई योजना तैयार कर जीर्णोद्धार कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोगरी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




