खगड़िया के विकास पर विधायक बबलू मंडल का सख्त रुख…विभागीय समीक्षा बैठक में ड्रेनेज, आवास, मनरेगा और सड़कों पर मांगा जवाब…

खगड़िया के विकास पर विधायक बबलू मंडल का सख्त रुख…विभागीय समीक्षा बैठक में ड्रेनेज, आवास, मनरेगा और सड़कों पर मांगा जवाब…

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विधायक बबलू कुमार मंडल ने एक बार फिर सक्रिय पहल करते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की प्रस्तावित समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया है। इस संबंध में उन्होंने बिहार विधानसभा की पर्यटन एवं उद्योग समिति के सभापति को विस्तृत पत्र भेजकर खगड़िया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित के मामलों पर विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
विधायक ने कहा कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कई योजनाएं लंबे समय से प्रभावित हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समीक्षा बैठक में इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा कर विभाग से स्पष्ट जवाब लिया जाएगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित मुद्दों में विधायक ने सबसे पहले खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र की लगभग 433 करोड़ रुपये की प्रस्तावित ड्रेनेज सिस्टम परियोजना का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में विभाग यह स्पष्ट करे कि परियोजना की वर्तमान प्रशासनिक एवं तकनीकी स्थिति क्या है, कार्य कब तक प्रारंभ होगा तथा यदि कोई बाधा है तो उसे दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त की। विधायक ने कहा कि हजारों पात्र लाभार्थी आज भी योजना के लाभ से वंचित हैं। विभाग को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, विशेष अभियान चलाने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक निर्देश जारी करने चाहिए।
विधायक ने कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि समय पर उपलब्ध नहीं होने का गंभीर मामला भी उठाया है। उन्होंने कहा कि राशि के अभाव में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसमें योजना की राशि समय पर नहीं मिलने के कारण एक मृतक का अंतिम संस्कार लगभग तीन दिन बाद हो सका। उन्होंने इसे अत्यंत संवेदनशील विषय बताते हुए योजना के प्रभावी संचालन, समय पर भुगतान और सभी संबंधित निकायों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मामलों में विधायक ने मनरेगा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि खगड़िया जिले में मजदूरों को अपेक्षित मात्रा में रोजगार उपलब्ध नहीं हो रहा है। पंचायत समिति की बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठ चुका है। उन्होंने विभाग से पूछा है कि रोजगार सृजन, कार्यों की स्वीकृति और ग्रामीण मजदूरों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं तथा भविष्य की कार्ययोजना क्या है।
इसके साथ ही विधायक ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं के अंतर्गत जर्जर हो चुकी ग्रामीण सड़कों की शीघ्र मरम्मत की मांग की है। उन्होंने मेहसौरी-अगुवानी, सोनमनकी-माड़र, सोनमनकी-सिमराहा, बछौता-बिरनपुर, खगड़िया-बखरी मार्ग से दाढ़ी आस गांव, सोराय टोला से सोराय गांव, खगड़िया-अलौली मार्ग से भीरयाही पोखर होते हुए अलौली पथ तथा दुर्गापुर से मथार दियारा सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई है। साथ ही पूरे विधानसभा क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों का सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
विधायक ने दो नई ग्रामीण सड़क परियोजनाओं की भी मांग की है। उन्होंने खगड़िया-अलौली पथ के भीरयाही पोखर से विष्णुपुर ढाला तक नई सड़क तथा सोनमनकी से बलौर लोहा पुल तक नई सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि इन सड़कों के बनने से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारी सभी बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब देंगे तथा जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मामलों में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई होगी। खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं को देखते हुए उन्होंने सरकार से विकास योजनाओं को गति देने और लंबित परियोजनाओं का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की।

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close