
खगड़िया: 35 हजार की आबादी बाढ़ की चपेट में, विधायक बबलू मंडल ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश…रहीमपुर की तीनों पंचायतों को पूर्ण बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग…मानसी व नगर परिषद के कई वार्ड भी प्रभावित
खगड़िया: 35 हजार की आबादी बाढ़ की चपेट में, विधायक बबलू मंडल ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश…
रहीमपुर की तीनों पंचायतों को पूर्ण बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग…मानसी व नगर परिषद के कई वार्ड भी प्रभावित
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/जिले में विभिन्न नदियों के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सदर प्रखंड कार्यालय से बैठक में शामिल सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
विधायक ने कहा कि रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत पूरी तरह बाढ़ प्रभावित हैं। इन तीनों पंचायतों में करीब 35 हजार की आबादी बाढ़ की स्थिति से प्रभावित है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक तत्काल हर संभव सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए जरूरत के अनुसार पॉलीथिन शीट, सूखा राहत सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाए। वहीं, आवश्यकता वाले स्थानों पर सामुदायिक रसोई शुरू कर भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विधायक ने मानसी प्रखंड के मटिहानी, जालिम बाबू टोला तथा पूर्वी ठाठा के चैधा बांध स्थित वार्ड संख्या-14 में भी बाढ़ की स्थिति का मुद्दा उठाया। इसके अलावा खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19, 30 और 31 के प्रभावित होने की जानकारी देते हुए अधिकारियों से सभी स्थानों का स्थल निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने को कहा।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहना होगा। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, भोजन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाए।
बैठक में मौजूद एसडीओ धनंजय कुमार ने विधायक के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ पूरण साह और सीओ पुनीत कौशल को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने को कहा गया।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





