
अच्छी खबर: विधायक बबलू मंडल की पहल का असर… खगड़िया में 12 करोड़ की पांच सड़क योजनाओं का रास्ता साफ… जल्द शुरू होगा निर्माण
अच्छी खबर: विधायक बबलू मंडल की पहल का असर… खगड़िया में 12 करोड़ की पांच सड़क योजनाओं का रास्ता साफ… जल्द शुरू होगा निर्माण
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। खगड़िया विधायक बबलू कुमार मंडल की लगातार पहल के बाद जिले की पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। ग्रामीण कार्य विभाग ने करीब 12 करोड़ रुपये की लागत वाली इन योजनाओं का डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए विभाग को भेज दिया है। अब तकनीकी स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से सदर प्रखंड, मानसी समेत कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा। किसानों, विद्यार्थियों, मजदूरों, व्यापारियों और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
भदास-पंचवटी चौक से बछौता तक सड़क
सदर प्रखंड में भदास पंचवटी चौक से बछौता तक सड़क निर्माण के लिए करीब 1.30 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
त्रिभुवन टोला-सौराय डीह सड़क पर 5.02 करोड़
बखरी-खगड़िया पथ से त्रिभुवन टोला भाया सौराय डीह तक सड़क निर्माण के लिए करीब 5.02 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। यह सड़क कई गांवों को बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मथार पूर्वी टोला तक बनेगी सड़क
मथार पंचायत भवन से मथार पूर्वी टोला तक सड़क निर्माण के लिए करीब 1.83 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके बनने से पंचायत के अंदरूनी इलाकों में आवागमन आसान होगा।
मानसी में दो सड़कों को मिली गति
मानसी प्रखंड में एनएच-31 बजरंगबली चौक से चुकती मानसी होते हुए आरईओ पथ तक सड़क के लिए करीब 2.59 करोड़ रुपये का डीपीआर भेजा गया है।
वहीं चुकती मानसी रोड से स्वर्गीय जगदेव यादव के घर, राजाजान बासुदेव प्रसाद के घर होते हुए वाटर वेज बांध तक पीसीसी सड़क के निर्माण के लिए करीब 1.24 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है। इससे विशेषकर बरसात के दिनों में स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री और अधिकारियों से लगातार संपर्क का परिणाम
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क समस्या को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण को लेकर विभागीय मंत्री को कई बार पत्र लिखा और पटना जाकर मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर योजनाओं को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। लगातार प्रयास का परिणाम है कि पांचों सड़कों की योजनाएं डीपीआर स्तर तक पहुंची हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और व्यापार की बुनियादी जरूरत है। सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को गति मिलेगी।
तकनीकी स्वीकृति का इंतजार
पांचों योजनाओं का डीपीआर विभाग को भेजे जाने के बाद अब तकनीकी स्वीकृति महत्वपूर्ण है। तकनीकी स्वीकृति के बाद आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और वर्षों से लंबित सड़क निर्माण का सपना अब धरातल पर साकार होगा।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





