प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर खगड़िया को मिली विकास की बड़ी सौगात…170.86 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना का शुभारंभ…स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शहरी गरीबों के आवास का भी खुला रास्ता…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर खगड़िया को मिली विकास की बड़ी सौगात...

170.86 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना का शुभारंभ…

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शहरी गरीबों के आवास का भी खुला रास्ता…

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान खगड़िया जिले को विकास की बड़ी सौगात मिली है। वैशाली में आयोजित जनसभा से प्रधानमंत्री ने जिले से जुड़ी 170 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ एवं उद्घाटन किया। इनमें शहरी जलापूर्ति, ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और शहरी गरीबों को आवास उपलब्ध कराने से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है।

इस अवसर पर समाहरणालय स्थित सभागार में मुख्य कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विक्रम विरकर, खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, जदयू जिला अध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा, उप विकास आयुक्त श्रेया श्री, अपर समाहर्ता पुष्पेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, योजनाओं के लाभुक और जीविका दीदियां मौजूद रहीं।

अमृत 2.0 से 170.86 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना को मिली गति

खगड़िया शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अमृत 2.0 के तहत 170.86 करोड़ रुपये की लागत वाली जलापूर्ति परियोजना का शुभारंभ महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके तहत नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 में नगर सुरक्षा बांध के समीप रामचंद्रा के पास 38 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया गया। बूढ़ी गंडक नदी के पानी को शोधित कर शहरवासियों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत छह उच्चस्तरीय जलाशयों का भी निर्माण कराया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद नगर परिषद के सभी 39 वार्डों में पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे शहर के कुल 19,436 परिवारों को व्यक्तिगत जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के पूर्ण होने पर शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

कंजरी और माली में दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू, 19 हजार लोगों को लाभ

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बेलदौर प्रखंड के कंजरी और माली में नवनिर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया गया। करीब 86 लाख रुपये की लागत से निर्मित इन दोनों केंद्रों का प्रधानमंत्री ने वैशाली से उद्घाटन किया। इसके बाद बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने फीता काटकर केंद्रों का विधिवत कार्यारंभ कराया।

इनमें कंजरी केंद्र से करीब 8 हजार और माली केंद्र से लगभग 11 हजार की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। दोनों केंद्रों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं एएनएम की पदस्थापना की जा चुकी है। यहां 147 प्रकार की निःशुल्क दवाइयों और 12 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। उद्घाटन के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अमोद कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री आवास योजना से 10 लाभार्थियों को मिली घर की चाबी

शहरी गरीब परिवारों को पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत खगड़िया और गोगरी-जमालपुर नगर निकाय के कुल 10 लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। इनमें नगर परिषद खगड़िया के पांच और नगर परिषद गोगरी-जमालपुर के पांच लाभार्थी शामिल हैं। सभी लाभार्थियों को आवास निर्माण की शत-प्रतिशत राशि प्राप्त हो चुकी है तथा उनके आवास की जियो टैगिंग भी पूरी कर ली गई है।

खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र से प्रेमशीला देवी, पिंकी देवी, सोनी देवी (वार्ड संख्या-03, दान नगर) तथा शीला देवी और सपना देवी (वार्ड संख्या-04, दान नगर) को आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं गोगरी-जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-32, मुश्कीपुर की रामरती देवी, मंजू देवी, यशोदा देवी, आशा देवी और राधा देवी को अपने घर की चाबी मिली।

जलापूर्ति, स्वास्थ्य और आवास से जुड़ी इन योजनाओं को खगड़िया के आधारभूत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एक ओर जहां शहर में पेयजल की बेहतर व्यवस्था विकसित होगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर मिलेगा। इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है।

 

विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close