
खगड़िया: जमीन के मुद्दे पर किसानों की महापंचायत 5 नवंबर को… सांसद-विधायकों से मांगा जाएगा जवाब… गैरमजरूआ आम-खास जमीन की रसीद, एलपीसी और खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने की मांग…खगड़िया से पटना तक आंदोलन तेज करने की तैयारी
खगड़िया: जमीन के मुद्दे पर किसानों की महापंचायत 5 नवंबर को… सांसद-विधायकों से मांगा जाएगा जवाब… गैरमजरूआ आम-खास जमीन की रसीद, एलपीसी और खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने की मांग…खगड़िया से पटना तक आंदोलन तेज करने की तैयारी
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ जिले में जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर किसानों ने अब निर्णायक पहल करने का मन बना लिया है। गैरमजरूआ आम एवं गैरमजरूआ खास जमीन की रसीद निर्गत करने, भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र (एलपीसी) की समस्या दूर करने और जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर आगामी 5 नवंबर 2026 को किसान महापंचायत आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसमें सांसद और जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को आमंत्रित कर किसानों की समस्याओं पर जवाब और समाधान के लिए ठोस पहल की मांग की जाएगी।
इसको लेकर रविवार को शहर स्थित एक फार्म हाउस में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रमुख किसानों की बैठक हुई। बैठक में महापंचायत के आयोजन और जमीन से जुड़े मुद्दों को जनप्रतिनिधियों एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई। किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि उनकी मांगों को लेकर संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से खगड़िया से पटना तक आवाज बुलंद की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे शैलेंद्र कुमार वर्मा, मोहम्मद नौसाद अली और सरपंच सोगारथ यादव ने बताया कि किसानों का एक शिष्टमंडल सांसद राजेश वर्मा से मिलकर जमीन संबंधी समस्याओं से उन्हें अवगत करा चुका है। उनके अनुसार, सांसद ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया है। प्रस्तावित महापंचायत में किसानों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनेंगे और समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगे। बैठक में लोजपा (रामविलास) के प्रवक्ता सह किसान नेता आशुतोष कुमार ने कहा कि कुछ लोग किसान नेता बनकर किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय अपने निजी स्वार्थ के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से ऐसे लोगों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
वहीं, अखिलेश कुमार, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार सिंह, राहुल कुमार और मोहम्मद सऊद आलम सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि किसानों का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से विवाद करना नहीं, बल्कि जमीन से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। इसके लिए किसान अपने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे और लोकतांत्रिक तरीके से मांगों को उठाएंगे।
बैठक में विजेंद्र राय, अजय कुमार यादव, गंगाधर यादव, बबलू कुमार, मो. मोख्तार आलम, पवन दास, मो. जमशेद आलम, मो. कमाल उद्दीन, रामबदन यादव, सुभाष मिस्त्री और कैलाश शर्मा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों किसान मौजूद थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




