
खगड़िया: विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर…विधायक बबलू मंडल ने समस्याओं का लिया जायजा…विकास कार्यों का दिया भरोसा
खगड़िया: विद्यालयों की बदलेगी तस्वीर…विधायक बबलू मंडल ने समस्याओं का लिया जायजा…विकास कार्यों का दिया भरोसा…
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को इंटर विद्यालय रामगंज संसारपुर एवं राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय लाभगांव रामनगर मठ का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान इंटर विद्यालय रामगंज संसारपुर में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सड़क, शिक्षक सदन, गर्ल्स कॉमन रूम, जिम भवन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी ली और प्रधानाध्यापक भानु कुमार से विद्यालय की आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए संबंधित विभाग से पहल की जाएगी। इसके बाद विधायक ने राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय लाभगांव रामनगर मठ का भी निरीक्षण किया और वहां की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों की समस्याओं को चिह्नित कर चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सफलता का आधार कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन और अनुशासित जीवन है। विद्यार्थियों से मोबाइल और आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने, शिक्षकों व अभिभावकों का सम्मान करने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की है। शिक्षा में किया गया निवेश ही समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने संबंधित विद्यालयों की आवश्यकताओं का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सड़क एवं भवन सहित अन्य विकास कार्यों के लिए संबंधित विभागों को भेजने का निर्देश दिया तथा भरोसा दिलाया कि विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। मौके पर विद्यालय के भू-दाता के पौत्र नयन कुमार, जदयू नेता दीपक सिन्हा, उमेश सिंह पटेल, डॉ. प्रभाष कुमार, पूर्व मुखिया रामविलास महतो, सांसद प्रतिनिधि गयाधर कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




