समृद्धि यात्रा में खगड़िया के विकास की आवाज: विधायक बबलू मंडल ने सीएम नीतीश कुमार को सौंपा 11 सूत्री मांगपत्र…

समृद्धि यात्रा में खगड़िया के विकास की आवाज: विधायक बबलू मंडल ने सीएम नीतीश कुमार को सौंपा 11 सूत्री मांगपत्र…

खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री को एक मांगपत्र सौंपकर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति देने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि यदि इन योजनाओं को सरकार की मंजूरी मिल जाती है तो खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी तथा लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांगपत्र में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में खगड़िया जिले का चहुंमुखी विकास हुआ है। एक समय फरकिया के नाम से मशहूर खगड़िया अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विकासपरक नीतियों के कारण जिले में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार हुआ है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है।
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने मांगपत्र में खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के मानसी प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने कहा कि खगड़िया कृषि प्रधान जिला है, इसलिए जिला मुख्यालय में एग्रीकल्चर कॉलेज की स्थापना की भी आवश्यकता है, जिससे किसानों और युवाओं को कृषि से जुड़ी आधुनिक शिक्षा और तकनीक का लाभ मिल सके।
विधायक ने खगड़िया सदर प्रखंड के रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के मथार में गंगा नदी के तट पर बंडाल निर्माण कराने, जिला मुख्यालय में +2 बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना करने तथा महिला महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा और छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा।
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपने मांगपत्र में यह भी उल्लेख किया कि खगड़िया जिला मुख्यालय में अब तक एक भी स्टेडियम नहीं है। ऐसे में यहां मल्टीपरपस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि जिले के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा उन्होंने खगड़िया शहर, मानसी नगर पंचायत और सदर अस्पताल में ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण कराए जाने की मांग भी रखी है। जिससे की लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। वहीं बूढ़ी गंडक बस स्टैंड से अघोरी स्थान होते हुए सीढ़ी घाट से समस्तीपुर तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर सड़क निर्माण, मानसी स्टेशन के पश्चिमी केबिन ढाला पर एनएच-31 को एसएच-95 से जोड़ने के लिए आरओबी निर्माण तथा ओलापुर गंगौर पंचायत के चक्किपार और खड़गी तिरासी घाट पर पुल निर्माण की भी मांग की।
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया शहर और मानसी में मल्टी लेवल मार्केट और मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण को भी जल्द स्वीकृति देने का अनुरोध किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन सभी योजनाओं पर सकारात्मक पहल करेंगे, जिससे खगड़िया के विकास को नई गति मिलेगी।

 

 

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक

 

नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*

 

 

 

Live Share Market

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close