
अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचीं जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव…बांटी राहत सामग्री
अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचीं जिप अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, बांटी राहत सामग्री
बेलदौर/ कौशी एक्सप्रेस/ प्राप्त सूचनानुसार खगड़िया जिला के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत पीरनगरा पंचायत के वार्ड संख्या–15 में बीते दोपहर अचानक लगी आग से कई गरीब परिवारों के घर जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गए। इस अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, नकदी सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी क्षति का सामना करना पड़ा है। आग लगने की घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिप अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष संघ की प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव तत्काल पीरनगरा पंचायत पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के बीच रणवीर फैंस एवं वीर बंधु के सहयोग से साड़ी, धोती एवं खाद्यान्न का वितरण कर मानवीय सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि आपदा और विपत्ति की घड़ी में पूर्व विधायक रणवीर यादव सदैव आमजन के साथ खड़े रहते हैं और पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने इस बात पर दुख और आश्चर्य व्यक्त किया कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद सरकारी स्तर पर त्वरित राहत नहीं पहुंचाई गई।
उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी गोगरी से दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवारों को अविलंब सरकारी राहत एवं अनुदान दिलाने की मांग की। अधिकारियों से बातचीत के बाद आश्वासन मिला कि शीघ्र ही सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपदा के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित परिवारों को उनका हक हर हाल में दिलाया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी राहत सामग्री वितरण के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रशासन से स्थायी एवं त्वरित सहायता की मांग की है।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




