
3.47 लाख करोड़ का बजट बिहार को विकास की नई राह पर ले जाएगा : अनुराधा कुमारी कुशवाहा
3.47 लाख करोड़ का बजट बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा : अनुराधा कुमारी कुशवाहा
पटना/ कौशी एक्सप्रेस/ बिहार की नीतीश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए राज्य विधानसभा में ₹3 लाख 47 हजार 589 करोड़ रुपये का सशक्त बजट पेश किया है। यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष 2025–26 के ₹3.16 लाख करोड़ रुपये की तुलना में ₹30,694.74 करोड़ अधिक है। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में बिहार के बजट का आकार लगातार बढ़ा है और सरकार “ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान” के संकल्प के साथ राज्य को विकास की नई राह पर आगे ले जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार “सबका सम्मान – जीवन आसान” के लक्ष्य पर निरंतर कार्य कर रही है।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जदयू प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति की सदस्य अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने इसे बिहार के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि ₹3.47 लाख करोड़ का यह बजट बिहार को विकसित राज्य की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ाने वाला है।
अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने कहा कि इस बजट में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार, उद्योग एवं स्वरोजगार, सामाजिक उत्थान तथा बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट राज्य की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों को भी ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि सिंगल लेन सड़कों को डबल लेन में परिवर्तित करने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करने तथा औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने से बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर होगा।
अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने कहा कि यह बजट न केवल जनकल्याणकारी है, बल्कि एक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ विकास मॉडल प्रस्तुत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बजट में घोषित योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया गया, तो बिहार देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।
उन्होंने अंत में कहा कि नीतीश सरकार का यह दूरदर्शी बजट ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत और ठोस आधार है।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




