
केंद्रीय बजट में बिहार की फिर अनदेखी, विशेष राज्य व पैकेज पर निराशा: कृष्णा कुमारी यादव, जिप अध्यक्ष
केंद्रीय बजट में बिहार की फिर अनदेखी, विशेष राज्य व पैकेज पर निराशा: कृष्णा कुमारी यादव, जिप अध्यक्ष
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में बिहार के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार लंबे समय से विशेष राज्य के दर्जे और विशेष पैकेज की मांग करता आ रहा है, लेकिन इस बजट में भी राज्य को कोई ठोस राहत नहीं दी गई।
जिप अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष का केंद्रीय बजट बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पेश किया गया था, लेकिन उस बजट की अधिकांश घोषणाएं आज तक धरातल पर नहीं उतर सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार भी बिहार को ठोस विकास योजनाओं से वंचित रखा गया है और राज्य की वास्तविक जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग के लिए भी कोई खास राहत नहीं दी गई है। इनकम टैक्स के मोर्चे पर आम और मध्यमवर्गीय परिवारों को किसी प्रकार का ठोस लाभ नहीं मिला, जिससे महंगाई से जूझ रहे लोगों की निराशा और बढ़ गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट देशहित के बजाय विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया प्रतीत होता है। बिहार जैसे पिछड़े और संसाधनविहीन राज्य को विशेष सहायता दिए बिना समावेशी विकास की बात करना केवल दिखावा है।
जिप अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष आर्थिक पैकेज देकर राज्य के समग्र विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि बिहार भी देश की विकास यात्रा में बराबरी से आगे बढ़े।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




