
नई दिल्ली से नोएडा तक गूंजा खगड़िया का नाम… डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2025 में एसएल डीएवी पब्लिक स्कूल बना राष्ट्रीय चैंपियन, पदकों की बरसात
नई दिल्ली से नोएडा तक गूंजा खगड़िया का नाम… डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2025 में एसएल डीएवी बना राष्ट्रीय चैंपियन, पदकों की बरसात
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस/ प्रतिभा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं होती—वह स्वयं अपनी पहचान बनाती है। इसी कहावत को चरितार्थ करते हुए एसएल डीएवी पब्लिक स्कूल, खगड़िया के खिलाड़ियों ने डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2025 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2025 के अंतर्गत बालिकाओं के अंडर-14 खो-खो प्रतियोगिता में बिहार टीम ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम को बड़े अंतर से पराजित कर राष्ट्रीय विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस विजेता बिहार टीम में डीएवी खगड़िया की छह खिलाड़ी शामिल थीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल से दर्शकों का मन मोह लिया।

अंडर-14 खो-खो की इस राष्ट्रीय विजेता टीम में डीएवी खगड़िया की आकृति (कप्तान) के साथ अदिति, राधिका, नैन्सी, खुशी और अदिति (द्वितीय) शामिल रहीं।
वहीं, नोएडा में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 कराटे वर्ग में आशीष रंजन कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। इसी वर्ग में रुद्र जायसवाल ने रजत तथा प्रत्यूष कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-19 कराटे वर्ग में निर्मल कुमार टुडू और सोनी कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
इसके अलावा योगा प्रतियोगिता में आदित्य माधव और विश्वजीत आनंद ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती उमा मिश्रा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने में खेल शिक्षिका अन्मिता आनंद का अथक परिश्रम अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने खेल शिक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, अविनाश कुमार श्रीवास्तव, गौरव कुमार और अंजली विशाल के योगदान की भी प्रशंसा की।
कोच अन्मिता आनंद ने कहा कि इन बच्चियों में खेल प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है। क्लस्टर और जोनल स्तर पर लगातार सफलता के बाद राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
एसएल डीएवी पब्लिक स्कूल, खगड़िया की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपाद
*




