
शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच हो – प्रियदर्शना सिंह
शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच हो – प्रियदर्शना सिंह
खगड़िया / कौशी एक्सप्रेस/ जिले के चर्चित शिक्षक नेता मनीष कुमार सिंह पर दर्ज मुकदमों को लेकर उनकी पत्नी एवं जिला परिषद सदस्य प्रियदर्शना सिंह ने खगड़िया पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी व्यक्ति विशेष को खुश करने और उनके इशारों पर काम कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरनाक है। प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रियदर्शना सिंह ने कहा कि चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र समेत जिले के सैकड़ों मामले वर्षों से लंबित हैं, लेकिन उनमें कार्रवाई नहीं हो रही। सवाल यह है कि पुलिस सिर्फ चुनिंदा मामलों में ही सक्रिय क्यों रहती है ? साफ दिख रहा है कि किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए पुलिस निष्पक्षता को ताक पर रख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति मनीष कुमार सिंह समाज और शिक्षा जगत की आवाज लगातार उठाते रहे हैं। इसी कारण उन्हें दबाने व बदनाम करने के लिए विरोधियों द्वारा फर्जी मुकदमों का सहारा लिया जा रहा है। प्रियदर्शना सिंह ने कहा – क्या खगड़िया पुलिस जनता को न्याय दिलाने के लिए है या फिर सत्ता और प्रभावशाली लोगों की खुशामद करने के लिए ? जनता सब देख रही है। पुलिस को चाहिए कि वह कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करे।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में बदलाव नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगी और जरूरत पड़ने पर राज्यपाल व मुख्यमंत्री से भी मिलकर खगड़िया पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएँगी। हम डरने वाले नहीं हैं। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित कभी नहीं। समय आने पर जनता इसका जवाब जरूर देगी। प्रियदर्शना सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सहित वरीय पुलिस अधिकारियों से मामलों की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उन्हें कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है तथा सच सामने आकर रहेगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




