खगड़िया शहरवासियों को अतिक्रमण मुक्त अभियान से राहत मिलने की उम्मीद जगी… राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक प्रशासन का अतिक्रमण मुक्त अभियान चला …
खगड़िया शहरवासियों को अतिक्रमण मुक्त अभियान से राहत मिलने की उम्मीद जगी… राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक प्रशासन का अतिक्रमण मुक्त अभियान चला … खगड़िया/कोशी एक्सप्रेस/ आज 26.03.22 को पूर्व निर्धारित अभियान तहत जिलाधिकारी डॉक्टर आलोक रंजन घोष से प्राप्त निर्देश के आलोक में खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड के बीच के व्यस्ततम मार्ग पर से अतिक्रमण को हटाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया अमित अनुराग एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाने के अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी को सहयोग प्रदान करने के लिए बड़ी संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए थे।
राजेंद्र नगर चौक और बखरी बस स्टैंड-दोनों तरफ से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती अतिक्रमण हटाने के लिए की गई थी। राजेंद्र चौक की ओर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, गोगरी मो० शफीक, वरीय उप समाहर्ता राजन कुमार, चंदन कुमार, विजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, खगड़िया राजीव कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, खगड़िया प्रशांत कुमार, अंचल अधिकारी, खगड़िया अंबिका प्रसाद, कनीय अभियंता, नगर परिषद रौशन कुमार की प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी के रूप में की गई थी।
इसी प्रकार बखरी बस स्टैंड की ओर भूमि सुधार उप समाहर्ता, खगड़िया जनक कुमार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नवाजिश अख्तर, वरीय उप समाहर्ता टेस लाल सिंह, सुश्री राज ऐश्वर्याश्री, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अलौली मनीष कुमार, अंचलाधिकारी मानसी प्रभात कुमार, नगर प्रबंधक, नगर परिषद, खगड़िया राजीव कुमार की प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी के रूप में की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी भी सहयोग हेतु प्रतिनियुक्त किए गए थे। नगर थाना अध्यक्ष खगड़िया राजेंद्र चौक की ओर से एवं थानाध्यक्ष चित्रगुप्त नगर बखरी बस स्टैंड की ओर से पुलिस पदाधिकारियों एवं बलों का नेतृत्व कर रहे थे। पुरुष एवं महिला बल को भी लगाया गया था।
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद खगड़िया ने जेसीबी, ट्रैक्टर एवं मजदूरों को अतिक्रमण का कचरा हटाने के लिए उपलब्ध कराया था। अतिक्रमण की जांच के लिए अमीनों को भी प्रतिनियुक्त किया गया था। राजेंद्र चौक से रेलवे स्टेशन होते हुए बखरी बस स्टैंड तक डिवाइडर के दोनों ओर अतिक्रमण को ध्वस्त कराया गया, बांस बल्ली को भी उखाड़ फेंका गया है। अतिक्रमण हटाने के दौरान मलवे को भी तुरंत हटाकर सफाई कराई गई।
कड़ी धूप में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल डटे रहे एवं अतिक्रमण को हटाने में सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने अतिक्रमण करने वाले लोगों से भी बातचीत किया और उन्हें समझाया। कल ही अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से इस क्षेत्र में माईकिंग कराकर आज अतिक्रमण मुक्ति हेतु अभियान चलाने की जानकारी दी गई थी।
सड़क के दोनों ओर बने नाले को भी अतिक्रमण से मुक्त कराया गया और अवैध निर्माण, सीढ़ियों इत्यादि को तोड़ते हुए अतिक्रमण को हटाया गया। इससे यह सड़क काफी चौड़ी नजर आने लगी और एक साथ दोनों ओर से दो-दो गाड़ियों के जाने का रास्ता खुल गया। सड़क के बीच बने डिवाइडर को भी अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
सब्जी और ठेले वालों के प्रतिनिधियों से भी अनुमंडल पदाधिकारी ने पूर्व में वार्ता किया था और अतिक्रमण को हटाने के लिए मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था। इसी कड़ी में आज अतिक्रमण को सख्ती के साथ हटाया गया। स्थानीय लोगों ने भी अतिक्रमण को हटाने में सहयोग प्रदान किया। लोगों ने इस मार्ग पर से अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद भी दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इस रास्ते से अतिक्रमण हटाने के उपरांत भविष्य में अतिक्रमण को रोकने के लिए लगातार चौकसी एवं सतर्कता बढ़ती जाएगी।
जिलाधिकारी भी इस अभियान का अनुश्रवण करते रहे और उन्होंने आवश्यकतानुसार दंडाधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिए।
नोटं- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक