
खगड़िया: डीडीसी श्रेया श्री ने किया DRCC का निरीक्षण …युवाओं को जोड़ने के लिए माइक्रो प्लान बनाने का निर्देश
खगड़िया: डीडीसी श्रेया श्री ने किया DRCC का निरीक्षण …युवाओं को जोड़ने के लिए माइक्रो प्लान बनाने का निर्देश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/आज 02 सितंबर को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) का उप विकास आयुक्त श्रीमती श्रेया श्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं रैंकिंग की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली गई। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण युवक-युवतियों को उच्च शिक्षा के लिए अधिकतम 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के लिए निर्धारित 1,520 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 501 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण 20 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों को रोजगार की तलाश के दौरान 1,000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाती है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 170 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 10वीं उत्तीर्ण युवक-युवतियों को तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान, व्यवहार कौशल तथा हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण शामिल है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक 1,045 आवेदन प्राप्त हुए हैं। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती श्रेया श्री ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अधिकाधिक पात्र युवाओं को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूल, प्लस-2 हाई स्कूल एवं कॉलेज के साथ-साथ प्रखंड और पंचायत स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर काउंसलिंग एवं जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने DRCC भवन की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की। पर्याप्त सफाई कर्मियों की उपलब्धता के लिए नगर परिषद, खगड़िया से मांग करने तथा भवन में आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रियता बरतने, पात्र युवक-युवतियों तक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने तथा लंबित आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*





