
खगड़िया में मकर संक्रांति की धूम… चिल्ड्रेन पार्क में डीएम–डीडीसी ने किया महोत्सव का शुभारंभ…
खगड़िया में मकर संक्रांति की धूम… चिल्ड्रेन पार्क में डीएम–डीडीसी ने किया महोत्सव का शुभारंभ…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ शहर के चिल्ड्रेन पार्क परिसर में आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का विधिवत शुभारंभ जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता विजयंत द्वारा पतंग उड़ाकर की गई, जिससे पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का वातावरण बन गया।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक पतंगबाजी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक इस आयोजन में भाग लिया। चिल्ड्रेन पार्क रंग-बिरंगी पतंगों से सराबोर नजर आया, वहीं लोक-संस्कृति और पर्व की खुशबू से वातावरण जीवंत हो उठा।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। महोत्सव में वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार, विवेक सुगंध, प्रवीण कुमार, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति जैसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को आगे भी निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही। वहीं उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव बच्चों और युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव के सफल आयोजन से शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपाद
*




