
वर्षों की जरूरत हुई पूरी… राजेंद्र चौक–बखरी बस स्टैंड के बीच पहली बार सार्वजनिक शौचालय बना…नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया लोकार्पण…
वर्षों की जरूरत हुई पूरी… राजेंद्र चौक–बखरी बस स्टैंड के बीच पहली बार सार्वजनिक शौचालय बना...नगर सभापति अर्चना कुमारी ने किया लोकार्पण…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड के बीच पहली बार सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया। करीब 10 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर परिषद खगड़िया के इतिहास में पहली बार इस अत्यंत व्यस्त एवं महत्वपूर्ण इलाके में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक प्रतिदिन हजारों यात्रियों, दुकानदारों, राहगीरों एवं स्थानीय लोगों का आवागमन होता है, लेकिन अब तक यहां शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं थी।

लोगों ने बताया कि विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को मजबूरी में इधर-उधर जाना पड़ता था, जिससे स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होती थी। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक नगर परिषद द्वारा लगभग ₹10.53 लाख की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि सार्वजनिक सुविधाओं में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और आम लोगों की जरूरत को देखते हुए इस योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया।
उन्होंने कहा राजेंद्र चौक से बखरी बस स्टैंड तक यह शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है। यहां सार्वजनिक शौचालय बनने से प्रतिदिन हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद आगे भी शहर के विभिन्न इलाकों में जनसुविधाओं का विस्तार करेगी, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सरिता देवी, वार्ड पार्षद पप्पू यादव, पूर्व उपसभापति विनय पटेल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अक्षय सूरी, रौनक सहनी, आनंद यादव, मनीष सहनी, कक्कू पटेल, अरुण सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर परिषद एवं नगर सभापति के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह कार्य शहर के लिए काफी महत्वपूर्ण और उपयोगी साबित होगा। लोगों का कहना था कि इससे यात्रियों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधिक अस्वीकरण (Disclaimer):
कौशी एक्सप्रेस समाचार पत्र/पोर्टल में प्रकाशित अथवा प्रसारित समाचार, विज्ञप्ति, लेख एवं सूचनाएँ संबंधित संस्थान, संगठन, व्यक्ति अथवा अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति, दस्तावेज़ अथवा जानकारी के आधार पर प्रकाशित/प्रसारित की जाती हैं। उक्त सामग्री में वर्णित तथ्यों, दावों, कथनों एवं विचारों की सत्यता, वैधता एवं संपूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित प्रेषक का होगा। संपादक, प्रकाशक अथवा संस्थान किसी भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष कानूनी दायित्व हेतु उत्तरदायी नहीं होंगे। आवश्यकतानुसार संपादक/प्रकाशक को संशोधन, संक्षेपण, निरस्तीकरण अथवा प्रकाशन अस्वीकार करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
नोट: इस प्रकाशन/प्रसारण से उत्पन्न किसी भी विवाद अथवा कानूनी कार्यवाही हेतु क्षेत्राधिकार केवल खगड़िया व्यवहार न्यायालय तथा पटना उच्च न्यायालय को ही मान्य होगा।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




