
खगड़िया पुलिस की कामयाबी: गोगरी में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ … हथियारों का जखीरा बरामद..अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है : एसपी
खगड़िया पुलिस की कामयाबी: गोगरी में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ … हथियारों का जखीरा बरामद..अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है : एसपी
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्मित, अर्ध-निर्मित हथियार और हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोगरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंगेर निवासी मो. शहनवाज आलम अपने ससुराल रसलपुर मुश्किपुर गांव में हथियार बनाकर सप्लाई कर रहा है।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साक्षी कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की, जहां घर के अंदर अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप संचालित होता मिला। पुलिस ने मौके से आरोपी मो. शहनवाज आलम (29 वर्ष), पिता मो. आलमगीर, निवासी रसलपुर मुश्किपुर, थाना गोगरी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के लंबे समय से इस धंधे में संलिप्त होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, खरीदारों और सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
बरामद सामान में शामिल:
ड्रिल मशीन – 1
7.62 एमएम गोली – 8
पिस्टल बट – 10
आरी ब्लेड – 14
वेल्डिंग मशीन – 1
मैगजीन स्प्रिंग – 2
रेती – 12
गोल बैरल रेती – 7
हथौड़ी – 2
इस मामले में गोगरी थाना कांड संख्या 108/26 दिनांक 11 अप्रैल 2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक सुरेंद्र प्रसाद, थानाध्यक्ष अरविंद, अवर निरीक्षक दिनेश कुमार, मंजी साह सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अपराध नियंत्रण को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सराहना की है।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




