
खगड़िया: उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद तय समय-सीमा में हर हाल में मिले गैस सिलेंडर…प्रभारी सचिव प्रणव कुमार का सख्त निर्देश…
खगड़िया: उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद तय समय-सीमा में हर हाल में मिले गैस सिलेंडर…प्रभारी सचिव प्रणव कुमार का सख्त निर्देश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था एवं उपभोक्ता सुविधाओं की समीक्षा को लेकर बुधवार को जिला सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी सचिव श्री प्रणव कुमार (IAS) ने की। इस दौरान डीएम श्री नवीन कुमार, एसपी श्री राकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री धनंजय कुमार, गोगरी एसडीओ श्री संजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री विजयंत तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती कौशिकी कश्यप सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रभारी सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही सिलेंडर उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। लंबित ऑर्डरों के शीघ्र निष्पादन एवं बैकलॉग खत्म करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि भविष्य में आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने घरेलू गैस उपयोग की नियमित निगरानी एवं आवश्यक जांच करने के निर्देश भी दिए, जिससे वितरण प्रणाली पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे।
उपभोक्ता शिकायतों के समाधान को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कंट्रोल रूम की सक्रियता बढ़ाने और हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर फीडबैक लिया जाए, ताकि जवाबदेही और पारदर्शिता बनी रहे।
इसके साथ ही स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कस्तूरबा विद्यालयों एवं सरकारी हॉस्टलों में एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि बच्चों की पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों में कोई बाधा न आए।
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सभी 31 गैस एजेंसियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर और सुचारु रूप से गैस उपलब्ध होती रहे।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




