
बागमती कटाव से ‘बड़ी मां कात्यायनी स्थान’ पर संकट, विधायक बबलू मंडल ने लिया जायजा..कटाव रोधी कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, शक्तिपीठ की सुरक्षा पर जोर
बागमती कटाव से ‘बड़ी मां कात्यायनी स्थान’ पर संकट, विधायक बबलू मंडल ने लिया जायजा..कटाव रोधी कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, शक्तिपीठ की सुरक्षा पर जोर
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत राज उत्तर माड़र के तीन गछिया टोला स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘बड़ी मां कात्यायनी स्थान’ का सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने रविवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बागमती नदी के बढ़ते कटाव से उत्पन्न खतरे का जायजा लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि बागमती नदी के लगातार कटाव के कारण इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के शक्तिपीठ का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह स्थल आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। अगर समय रहते कटाव पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो यह पवित्र स्थल गंभीर खतरे में आ सकता है।
विधायक बबलू मंडल को ग्रामीणों ने इस स्थल से जुड़ी धार्मिक मान्यता से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किंवदंती के अनुसार मां कात्यायनी की दाहिनी भुजा इसी स्थान पर गिरी थी, जिसके कारण यह क्षेत्र शक्तिपीठ के रूप में प्रसिद्ध हुआ। साथ ही यह भी बताया गया कि सिरपत बाबा ने इसी स्थान से उस अंग को निकालकर धमारा में मंदिर की स्थापना की थी। इस ऐतिहासिक और धार्मिक पृष्ठभूमि को सुनकर विधायक ने इस स्थल के संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय जल्द से जल्द किए जाएं। विधायक ने स्पष्ट कहा कि अब तक किए गए कटाव रोधी कार्य पर्याप्त नहीं हैं और इसमें और मजबूती तथा गुणवत्ता की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर भी है, जिसकी सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाकर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि कटाव को स्थायी रूप से रोका जा सके।
मौके पर जदयू के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष राज कुमार फोगला, जिला परिषद सदस्य सुनील चौरसिया, नरेश यादव, प्रभाष कुमार, कुलदीप कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में कटाव रोधी कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की। अंत में विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण धरोहर की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और प्रशासन से समन्वय बनाकर जल्द ही ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




