
खगड़िया में सफल रही मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा, 304 करोड़ की योजनाओं से विकास को मिली रफ्तार : अनुराधा कुमारी
खगड़िया में सफल रही मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा, 304 करोड़ की योजनाओं से विकास को मिली रफ्तार : अनुराधा कुमारी 
खगड़िया /कौशी एक्सप्रेस/ 13 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान खगड़िया जिले में विकास की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी गई। इस अवसर पर संसारपुर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 304 करोड़ रुपये की लागत से 319 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 261 करोड़ रुपये की 284 योजनाओं का उद्घाटन तथा 43 करोड़ रुपये की 35 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने अरुण मध्य विद्यालय के समीप नगर सुरक्षा बांध के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को विकास कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से जिले के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। साथ ही कई लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत सहायता भी प्रदान की गई। सतत जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत 1245 परिवारों को लगभग 4 करोड़ 98 लाख रुपये की दूसरी किस्त का सांकेतिक चेक दिया गया, वहीं दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल, अभियान बसेरा के तहत भूमि बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।
समारोह के दौरान जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने खगड़िया आगमन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में पेंटिंग भेंट की। इस अवसर पर जदयू नेता सुमित कुमार सिंह, सावन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा खगड़िया के लिए ऐतिहासिक साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और खगड़िया जिले में भी आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और अन्य योजनाओं के शुरू होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में संसाधन मंत्री विजय चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, अलौली विधायक रामचंद्र सदा, बेलदौर विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल, परवत्ता विधायक बाबू लाल शौर्य, विधान पार्षद ललन सर्राफ, बीजेपी नेता संजय खंडेलिया, जदयू नेता अशोक सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




