
खगड़िया नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता की कार्रवाई…टोटो से 45 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
खगड़िया नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता की कार्रवाई…टोटो से 45 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच खगड़िया नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र चौक के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक टोटो रिक्शा से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे टोटो को भी जब्त कर लिया गया है।
नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजेंद्र चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध टोटो रिक्शा को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टोटो में छिपाकर रखे गए ऑफिसर चॉइस विदेशी शराब के 180 एमएल के कुल 250 पॉकेट बरामद किए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 45 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से राजेश कुमार (पिता – महेश्वर शाह), निवासी ग्राम ननकू टोला, थाना मुफस्सिल, जिला खगड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से शराब की आपूर्ति और इसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब को टोटो के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचाने की योजना थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस ने शराब के साथ टोटो रिक्शा को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




