
उद्यमिता को बढ़ावा देने अंचल स्तर तक पहुंचे डीएम नवीन कुमार…उद्योग वार्ता से युवाओं को स्वरोजगार का दिया संदेश…
उद्यमिता को बढ़ावा देने अंचल स्तर तक पहुंचे डीएम नवीन कुमार…उद्योग वार्ता से युवाओं को स्वरोजगार का दिया संदेश…
खगड़िया/ कौशी एक्सप्रेस/ उद्योग की राह, समृद्धि की चाह—इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए बिहार सरकार के उद्योग विभाग के तत्वावधान में खगड़िया जिले में “उद्योग वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उद्योग संवर्धन, निवेश को प्रोत्साहन तथा रोजगार सृजन के अवसरों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने की।
विशेष बात यह रही कि जिलाधिकारी स्वयं अंचल स्तर, गोगरी तक पहुँचे और स्थानीय युवाओं, उद्यमियों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें उद्योग स्थापना एवं स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया। उद्योग वार्ता के दौरान जिलाधिकारी द्वारा राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं रोजगारपरक योजनाओं—विशेष रूप से मुख्यमंत्री उद्यमी युवा रोजगार योजना सहित अन्य प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार युवा नौकरी तलाशने वाले से आगे बढ़कर नौकरी देने वाले (Job Giver) बन सकते हैं। इस अवसर पर स्थानीय उद्यमियों, युवाओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ उद्योग स्थापना की प्रक्रिया, निवेश के अवसर, अनुदान, ऋण सुविधा एवं तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएँ और जिले के आर्थिक विकास में भागीदार बनें। कार्यक्रम में उद्योग विभाग अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। ‘उद्योग वार्ता’ कार्यक्रम को लेकर स्थानीय युवाओं में उत्साह देखा गया और इसे उद्यमिता की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया गया।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




