
जदयू कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर… राजेश सिंह के आवास पर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल व बबलू मंडल का ऐतिहासिक अभिनंदन

जदयू कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर… राजेश सिंह के आवास पर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल व बबलू मंडल का ऐतिहासिक अभिनंदन
बेलदौर कौशी एक्सप्रेस/ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत और रीढ़ होते हैं, उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना मेरी पहली जिम्मेदारी है। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने, उन्हें सम्मान और अवसर दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा। उक्त बातें रविवार को उसराहा गांव में जदयू जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह के आवास पर आयोजित अभिनंदन सह सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक बबलू मंडल ने कही।
यह समारोह बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के लगातार छठी बार जीत दर्ज करने तथा साधारण कार्यकर्ता से सदन तक पहुंचे नवनिर्वाचित सदर विधायक बबलू मंडल सहित जदयू के समर्पित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

सदर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि आज जो सम्मान और मुकाम मिला है, वह पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जदयू संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने आगामी 26 दिसंबर को आयोजित जदयू सदस्यता अभियान की समीक्षा सह सम्मान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें जदयू के प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति रहेगी। इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से भाग लेने की अपील की गई।

उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2025 से 2028 तक चलने वाले जदयू के सदस्यता अभियान के तहत जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में पांच लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से जिले ने प्रदेश में एक अलग पहचान बनाई है।
वहीं बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्र की ज्वलंत समस्या जलनिकासी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या के समाधान से न केवल किसानों बल्कि पशु-पक्षियों और आम जनजीवन को भी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 योजना के तहत पिरनगरा से इतमादी तक जल स्रोत का निर्माण कराया जाएगा, जिससे हजारों एकड़ भूमि में जलजमाव की समस्या समाप्त होगी और किसान सुचारू रूप से खेती कर सकेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक जदयू जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने सदर एवं बेलदौर विधानसभा से आए सभी पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का ही परिणाम है कि जिले के तीनों जदयू विधायकों ने प्रचंड जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मान बढ़ाया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी नेता और निर्वाचित प्रतिनिधि हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम से पूर्व बेलदौर और सदर विधायक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को माला, बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर जदयू कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष राजकुमार फोगला, दीपक सिन्हा, नूतन सिंह पटेल, अशोक सिंह, मनोज कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार, प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, अशोक राय, जिला उपाध्यक्ष (युवा) आदित्य पटेल, त्रिभुवन सिंह, चौथम नरेश युवराज शंभू सिंह, विधायक प्रतिनिधि बुलुन झा, विजय भगत, मुखिया गौरीशंकर शर्मा, वीरेंद्र सहनी, गोपाल सिंह, पैक्स अध्यक्ष अजय प्रभाकर, बेचन ठाकुर, प्रदीप भगत सहित दर्जनों पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




