
खगड़िया की शान बनेगा राजेंद्र सरोवर…पिकनिक स्पॉट, नौका विहार और आधुनिक सुविधाओं से सजेगा शहर का ऐतिहासिक सरोवर – अर्चना कुमारी
खगड़िया की शान बनेगा राजेंद्र सरोवर…पिकनिक स्पॉट, नौका विहार और आधुनिक सुविधाओं से सजेगा शहर का ऐतिहासिक सरोवर – अर्चना कुमारी
खगड़िया/कौशी एक्सप्रेस/ खगड़िया शहर के लिए मंगलवार ऐतिहासिक दिन है। नगर परिषद द्वारा लगभग 9.11 करोड़ रुपये की लागत से राजेंद्र सरोवर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य कराया जाएगा इस परियोजना के तहत सरोवर में नौका विहार, बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क, सुंदर गार्डन, आकर्षक लाइटिंग, पाथवे और बैठने की व्यवस्था की जाएगी। स्वच्छता और जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जानकार लोगों ने बताया कि राजेंद्र सरोवर पहले एक साधारण पोखर था। स्वतंत्रता से पूर्व यहां से लोग स्नान व घरेलू उपयोग के लिए पानी लेते थे। वर्ष 1989-90 में तत्कालीन डीएम अजीत कुमार के प्रयास से इसका जीर्णोद्धार हुआ और इसे “राजेंद्र सरोवर” का नाम दिया गया। उस समय यहां चहारदीवारी, पैदल पथ, सीमेंटेड बेंच, नारियल व अशोक के पेड़ और फूल-पौधों से सौंदर्यीकरण किया गया था। नौका विहार की सुविधा भी शुरू हुई थी। लेकिन उपेक्षा और देखरेख के अभाव में यह स्थल धीरे-धीरे उजाड़ हो गया। अब राजेंद्र सरोवर का कायाकल्प खगड़िया शहरवासियों को न केवल मनोरंजन और पर्यटन की सौगात देगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। नौका संचालन में स्थानीय युवाओं की भागीदारी होगी। सुरक्षा गार्ड व सफाई कर्मियों की नियुक्ति होगी। फूड स्टॉल, चाय-नाश्ता, आइसक्रीम व स्नैक्स काउंटर से दर्जनों छोटे कारोबारियों को अवसर मिलेगा पर्यटन गाइड, पार्किंग अटेंडेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजक जैसे कार्यों में भी रोजगार खुलेगा। इससे न केवल खगड़िया के युवाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलेगा।मालूम हो कि राजेंद्र सरोवर के सौंदर्यीकरण हेतु हाल ही में समाचारपत्रों में टेंडर प्रकाशित किया गया है। बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजेंद्र सरोवर का जायजा लिया था। उस दौरान नगर सभापति अर्चना कुमारी ने सरोवर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्हें लिखित आवेदन सौंपा था। इसी पहल का परिणाम है कि यह महत्वाकांक्षी योजना अब मूर्त रूप लेने जा रही है।
नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि – इस परियोजना से शहरवासियों को एक बेहतर पर्यटन स्थल, स्वच्छ वातावरण और मनोरंजन की सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार व्यक्त किया।
नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने बताया कि राजेंद्र सरोवर का कायाकल्प शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। यहां पर्यटन और कारोबार से जुड़ी गतिविधियों से अनेक परिवारों को स्थायी रोजगार मिलेगा।”
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक
*




